रिपोर्ट: आशीष श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
गोंडा जिले के करनैलगंज तहसील परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एंटी करप्शन टीम ने अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने तहसील के कानूनगो संजय शुक्ला को अपने कब्जे में ले लिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संजय शुक्ला के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों के आधार पर टीम ने तहसील पहुंचकर छापा मारा और आरोपी कानूनगो को पकड़कर अपने साथ नगर कोतवाली ले आई।
नगर कोतवाली में उनसे पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि इस पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियाँ सामने आ सकती हैं और अन्य नाम भी उजागर हो सकते हैं।
इस कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन की सख्त नीति को दर्शाता है। वहीं, लोग उम्मीद जता रहे हैं कि ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।





