Kadak Times

वजीरगंज-झिलाही मार्ग को लेकर विधायक रमापति शास्त्री की पहल, सीएम योगी ने दिया स्वीकृति का भरोसा

Share this news

रिपोर्ट: आशीष श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश कड़क टाइम्स
नवाबगंज/गोंडा।

मनकापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक रमापति शास्त्री लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस भेंट में सबसे प्रमुख विषय वजीरगंज से झिलाही संपर्क मार्ग के निर्माण का रहा। विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि यह सड़क क्षेत्र की जनता के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि वर्तमान में खराब मार्ग के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधायक की मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस मार्ग की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाएगी और निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के बनने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसी मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

विधायक रमापति शास्त्री ने कहा कि वह अपने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और जनता की समस्याओं को शासन तक लगातार पहुंचा रहे हैं। लोगों में इस आश्वासन के बाद काफी उत्साह और उम्मीद दिखाई दे रही है कि अब क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली है।


Share this news
Exit mobile version