Kadak Times

सलोन में साहू चौपाल की जन जागरण संगोष्ठी से गूंजा संगठन और शिक्षा का संदेश, समाज को एक मंच पर लाने का आह्वान

Share this news

रिपोर्ट: संदीप मिश्रा, रायबरेली, उत्तर प्रदेश, कड़क टाइम्स

रायबरेली। सलोन तहसील क्षेत्र के रसूलपुर ग्रामसभा में साहू तैलिक एकता एवं विकास समिति, साहू चौपाल के तत्वावधान में आयोजित जन जागरण संगोष्ठी ने साहू समाज को एकजुट होने और संगठित प्रयासों से आगे बढ़ने का स्पष्ट संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन विस्तार तथा भविष्य की रणनीति को लेकर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। आयोजन का नेतृत्व सलोन तहसील प्रभारी मनोज साहू ने किया, जिनके प्रयासों से यह संगोष्ठी समाज के लिए एक अहम मंच बनकर उभरी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष के. के. साहू मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता जिला संरक्षक रामशरण साहू ने की। प्रदेश अध्यक्ष के. के. साहू ने अपने संबोधन में कहा कि आज साहू समाज सिर्फ किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में साहू चौपाल के माध्यम से समाज हित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों और विकास के रास्ते को मजबूत कर सकता है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की।

संगोष्ठी के दौरान संगठनात्मक ढांचे को विस्तार देते हुए कई अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अरुण साहू को रोहनिया ब्लॉक अध्यक्ष, सुमित साहू को महामंत्री और आशीष साहू को संरक्षक बनाया गया। वहीं पुट्ठीलाल साहू को उपाध्यक्ष, रकम साहू, किशोरीलाल साहू और गया प्रसाद साहू को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए। मंत्री पद की जिम्मेदारी अमन साहू और राहुल साहू को दी गई। इन घोषणाओं के बाद उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया और संगठन को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया।

जिला महासचिव डॉ. संजीव साहू ने शिक्षा को समाज की प्रगति की रीढ़ बताते हुए कहा कि अगर बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं दी गई, तो सामाजिक विकास अधूरा रह जाएगा। उन्होंने समाज के हर परिवार से अपील की कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा से जोड़ें और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर दें। नगर अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि साहू चौपाल हमेशा जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों की मदद के लिए आगे खड़ी रही है और आगे भी यह सेवा भावना जारी रहेगी।

सलोन तहसील प्रभारी मनोज साहू ने अपने संबोधन में कहा कि साहू समाज को राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने घोषणा की कि पंचायत चुनाव से पहले सलोन क्षेत्र में साहू चौपाल द्वारा एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर भविष्य की दिशा तय की जाएगी। उनका कहना था कि इस तरह के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और संगठन की पकड़ मजबूत होती है।

नवनिर्वाचित रोहनिया ब्लॉक अध्यक्ष अरुण साहू ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य ब्लॉक स्तर पर सभी साहू भाइयों को जोड़ना है, ताकि समाज की आवाज एकजुट होकर सामने आ सके। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से सामाजिक समस्याओं के समाधान और युवाओं को नेतृत्व के अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

संगोष्ठी में युवा नेता शशांक साहू, छतोह ब्लॉक अध्यक्ष विशुन साहू, परसदेपुर अध्यक्ष राजकुमार साहू, महामंत्री अयोध्या साहू सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। सभी ने समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। कार्यक्रम में जगदीश साहू, शेखर साहू, नैतिक साहू, कपिल साहू, शिवपूजन साहू, सज्जनलाल साहू, बजरंगबली साहू, पप्पू साहू, मुन्नालाल साहू, सोनू साहू, संजय साहू, राजाराम साहू समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।


Share this news
Exit mobile version