Kadak Times

किसानों के सम्मान से सजी गोपाल ग्राम की धरती, किसान मेले में दिखी योजनाओं और प्रगतिशील सोच की झलक

Share this news

रिपोर्ट: आशीष श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश, कड़क टाइम्स

गोण्डा। अन्नदाता के सम्मान और उनकी उन्नति के संकल्प के साथ भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम में जनपद स्तरीय किसान सम्मान दिवस एवं आत्मा योजनान्तर्गत किसान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह द्वारा किया गया, जहां बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ, विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य किसानों को न सिर्फ सम्मानित करना था, बल्कि उन्हें आधुनिक खेती, सरकारी योजनाओं और आय बढ़ाने के नए विकल्पों से जोड़ना भी रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कैसरगंज ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह ने अपना पूरा जीवन किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने किसानों को देश की असली ताकत बताते हुए कहा कि आज सरकार की प्राथमिकता भी यही है कि खेती लाभ का सौदा बने और किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो। सांसद ने कृषि विभाग की पहल की सराहना करते हुए किसानों से अपील की कि वे योजनाओं की सही जानकारी लेकर उनका लाभ जरूर उठाएं, ताकि खेती में लागत कम हो और उत्पादन के साथ आमदनी भी बढ़े।

उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने अपने वक्तव्य में चौधरी चरण सिंह के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने किसान, खेत और गांव को नीति के केंद्र में रखा। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल शब्दों में किसानों तक पहुंचाई। जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने गन्ना विभाग की योजनाओं, उत्पादन सुधार और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। प्रगतिशील कृषक रवि शंकर सिंह ने एफपीओ संचालक के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह में काम करने से किसानों की bargaining power बढ़ती है और बाजार तक सीधी पहुंच बनती है, जिससे आमदनी में वास्तविक इजाफा होता है।

किसान सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न फसलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों, धान, तिल और मक्का में बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों को कृषि विभाग की संस्तुति पर प्रथम और द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग की ओर से चयनित किसानों में तीन मत्स्य पालकों को प्रथम तथा तीन को द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया। इसी क्रम में उद्यान विभाग द्वारा संस्तुत तीन उद्यान कृषकों को प्रथम और तीन को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि पशुपालन विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादन में बेहतर योगदान देने वाले एक कृषक को प्रथम और एक को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। किसानों को प्रशस्ति पत्र और साल भेंट कर सम्मानित किए जाने पर पूरे पंडाल में उत्साह और तालियों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम के समापन पर केवीके गोपाल ग्राम के अध्यक्ष डॉ. चंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र का लक्ष्य किसानों को वैज्ञानिक तकनीक, नई किस्मों और आधुनिक खेती के तरीकों से जोड़ना है, ताकि वे बदलते मौसम और बाजार की चुनौतियों का सामना कर सकें। उन्होंने माननीय सांसद, सभी अतिथियों, अधिकारियों और कार्यक्रम में शामिल किसानों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रेनू दुबे, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि परमेश्वर सिंह, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह, एलडीएम, भूमि संरक्षण अधिकारी पारसराम, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक आरपीएन सिंह, प्रगतिशील कृषक ओमप्रकाश पांडेय, अनिल चंद्र पांडेय, जयप्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


Share this news
Exit mobile version