रिपोर्ट: आशीष श्रीवास्तव, ब्यूरो प्रमुख, उत्तर प्रदेश, कड़क टाइम्स
रायबरेली। शीतलहर और लगातार गिरते तापमान के बीच आम जनमानस को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 26 दिसंबर 2025 को तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय द्वारा नवाबगंज स्थित रैन बसेरा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरा में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। जहां-जहां व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, वहां संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए। तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय ने मौके पर देखरेख करने वाले कर्मचारी को कंबल प्रदान कर उसका मनोबल बढ़ाया और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी जरूरतमंद को ठंड से बचाव में कोई परेशानी न हो।
इसके साथ ही तहसीलदार द्वारा नवाबगंज एवं तरबगंज पंचायत क्षेत्रों में बनाए गए अलाव स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ठंड से बचाव के लिए जलाए जा रहे अलाव नियमित रूप से चालू रहने चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाने, नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो। रैन बसेरा एवं अलाव की व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें, इसके लिए लगातार निगरानी जारी रखी जाएगी। प्रशासन के इस सक्रिय कदम से क्षेत्र में राहत और विश्वास का वातावरण बना हुआ है।