रिपोर्ट: माया लक्ष्मी मिश्रा, रायबरेली, उत्तर प्रदेश, कड़क टाइम्स
सलोन, रायबरेली। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सलोन में वार्षिक उत्सव समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह तथा नगर पंचायत अध्यक्ष चन्द्र शेखर रस्तोगी द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आरंभ किया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा से भर उठा।
उत्सव के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित अतिथि, अभिभावक और शिक्षकगण मंत्रमुग्ध नजर आए। छात्राओं ने राजस्थानी लोक नृत्य, कजरी गीत पर नृत्य, काव्य पाठ और मधुर गायन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हर प्रस्तुति में छात्राओं का आत्मविश्वास और अनुशासन स्पष्ट रूप से झलक रहा था, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की पुरा छात्राएं उम्मे कुलसूम, साधना शर्मा, साफिया, आयशा, सालेहा, अमीना और चन्दा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। पुरा छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए वर्तमान छात्राओं का हौसला बढ़ाया और विद्यालय से जुड़े अपने सुनहरे पलों को याद किया। इससे कार्यक्रम में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका अर्चना वर्मा ने कुशलता और सधे हुए अंदाज में किया, जिससे पूरा आयोजन अनुशासित और रोचक बना रहा। समारोह में सर्वोदय डिग्री कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर प्रदीप सिंह भी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद जरूरी बताया।
समारोह के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राघवन सिंह द्वारा कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए गए। सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनका उत्साह और बढ़ गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूल में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की activities से छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और leadership quality विकसित होती है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने सभी शिक्षकों, छात्राओं और अभिभावकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।





