Kadak Times

इकाना स्टेडियम से लौटते वक्त बुझ गया घर का इकलौता चिराग, सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत

Share this news

रिपोर्ट: माया लक्ष्मी मिश्रा, रायबरेली, उत्तर प्रदेश, कड़क टाइम्स

सलोन, रायबरेली। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में T-20 क्रिकेट मैच देखने गए युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। भारत–दक्षिण अफ्रीका मैच रद्द होने के बाद घर लौटते समय हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और मातम छा गया।

सलोन कोतवाली क्षेत्र के जहानपुर मजरे केवली महिमा निवासी विकास कुमार (35) पुत्र कृष्ण पाल यादव चार बहनों में इकलौता भाई था। बुधवार की सुबह करीब दस बजे वह अपने रिश्तेदार पंकज के साथ लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में मैच देखने गया था। देर रात घने कोहरे के चलते मैच रद्द होने के बाद दोनों युवक स्टेडियम से बाहर निकले और विकास अपनी बहन के घर जाने के लिए G-20 रोड की ओर रवाना हुआ।

परिजनों के अनुसार इसी दौरान तेज रफ्तार एक सफेद रंग की कार ने विकास को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। दुर्घटना की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता, बहनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक विकास अपने पीछे पत्नी अनीसा और तीन वर्षीय मासूम पुत्र आजविक को छोड़ गया है। परिवार के लिए विकास ही एकमात्र सहारा था, ऐसे में उसकी असमय मौत ने पूरे घर को तोड़ कर रख दिया है। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।


Share this news
Exit mobile version